बिहार व भीटी पुलिस से हाथापाई कर भागा किशोरी के अपहरण का आरोपित हाईटेंशन खम्भे पर चढ़ गया। पुलिस पर फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए करीब एक घण्टे तक हाईबोल्टेज ड्रामा किया।
उनको किसी तरह नीचे उतारकर पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। अपहृता की बरामदगी के लिए पुलिस अयोध्या जिले के विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है। उसे अभी सफलता नहीं मिल सकी है। भीटी के थानाध्यक्ष बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपित हिरासत में है। किशोरी की तलाश की जा रही है।
भीटी के बीबीपुर रंड़ौली गांव के मजरे सखौना पीरपुर के संदीप राजभर ने इंटरनेट मीडिया इंस्टाग्राम से बिहार प्रांत के जनपद बक्सर के कृष्ना बरहम थाने के एक गांव की किशोरी को तीन माह पहले प्रेम जाल में फंसा लिया। इस क्रम में पंद्रह दिन पहले युवती का अपहरण कर संदीप उसे अपने घर लाया। किशोरी के पिता ने 13 मई को बिहार के कृष्ना बरहम थाने में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।
बिहार पुलिस के उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार सुबह भीटी पहुंची। आरोपित की गिरफ्तारी व किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस की संयुक्त टीम दोपहर गांव पहुंची तो पीपल के पेड़ के चबूतरे पर आरोपित ग्रामीणों संग ताश खेलते मिल गया। पुलिस उसे पकड़कर किशोरी की बरामदगी का प्रयास करने लगी।
इसी दौरान आरोपित के माता, पिता, बहन, अन्य महिलाएं व ग्रामीणों ने पहुंचकर पुलिस टीम को घेर लिया। पुलिस से हाथापाई करते हुए स्वजन मारपीट पर उतारू हो गए। मौका पाकर आरोपित भाग निकला। इसके बाद शाम करीब छह बजे आरोपित अहिरौली के खेमापुर गांव के पास से गुजरे ट्रांसमिशन के हाईटेंशन खम्भे पर चढ़ गया और वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा।
अहिरौली थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि उसे भीटी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। थानाध्यक्ष बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपित हिरासत में है। किशोरी की तलाश की जा रही है।