दुर्ग। मेघगंगा ग्रुप के चेयरमैन एवं दुर्ग जिले के प्रतिष्ठित उद्योगपति मनीष पारख को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान भारत सरकार के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले के करकमलों से प्रदान किया गया।
मनीष पारख आज दुर्ग जिले के सफल उद्यमियों में एक स्थापित नाम हैं। उनकी पहचान केवल व्यावसायिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों, सेवा कार्यों और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें एक संवेदनशील एवं जिम्मेदार सामाजिक व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है।
इस सम्मान के अवसर पर मनीष पारख ने कहा, “डॉक्टरेट की इस मानद उपाधि के लिए मैं सभी शुभचिंतकों, सहयोगियों एवं समाज के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान मुझे समाजहित में और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।”
उन्होंने बताया कि उनके पिता द्वारा दिए गए संस्कार, सामाजिक मूल्यों एवं सेवा की भावना ने उन्हें सदैव समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। व्यापारिक व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, साइबर जागरूकता और सामाजिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर योगदान दिया है।
सामाजिक एवं जनहित के प्रमुख कार्य
- लाइफकेयर डायग्नोस्टिक्स (NABL मान्यता प्राप्त) के माध्यम से समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन।
- पिछले सात वर्षों से निरंतर निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का संचालन।
- लोगों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेल्थ कार्ड योजना की शुरुआत।
- युवाओं के कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट एवं डिग्री प्रोग्राम की शुरुआत।
- “मोर शहर, मोर जिम्मेदारी” अभियान के तहत दुर्ग शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों में सहभागिता, जिनमें गांधी चौक, शहीद चौक, वाई-शेप ब्रिज चौक एवं कचहरी चौक शामिल हैं।
- यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस विभाग को ट्रैफिक बैरिकेड्स उपलब्ध कराना।
- महावीर स्कूल के अध्यक्ष के रूप में विद्यालय के जीर्णोद्धार, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान।
- “साइबर प्रहरी” अभियान के तहत दुर्ग पुलिस एवं तत्कालीन दुर्ग रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग के साथ मिलकर साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता।
सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए इन सतत एवं प्रभावशाली कार्यों के लिए प्राप्त यह मानद डॉक्टरेट उपाधि मनीष पारख के सेवा भाव, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनहित के प्रति समर्पण का सम्मान है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि दुर्ग जिले के लिए भी गर्व का विषय मानी जा रही है।