हरियाणा: यमुनानगर में नेशनल हाईवे पर डिवाइडर का काम पूरा, ग्रिल लगाने पर अटका मामला…

जगाधरी पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर अग्रसेन चौक से मानकपुर तक लंबे समय के इंतजार के बाद डिवाइडर का कार्य पूरा हो गया है लेकिन अभी इसमें ग्रिल लगाने को लेकर पेंच फंस गया है। जिस एजेंसी को नगर निगम ने ठेका दिया। उसने केवल डिवाइडर का कार्य किया।

अब नगर निगम के अधिकारियों ने ग्रिल लगाने का कार्य कराने से हाथ खड़े कर दिए हैं। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआइ) भी ग्रिल लगाने से इन्कार कर रहा है।

कारण यह है कि एनएचएआइ ने नगर निगम को एनओसी दी थी। इस डिवाइडर पर लगी पुरानी ग्रिल भी नगर निगम ने उतार ली है। पिछले दिनों सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में यह मुद्दा उठा। जिस पर डीसी प्रीती ने संज्ञान लिया लेकिन यह तय नहीं हो सका कि ग्रिल कौन लगाएगा।

जगाधरी पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर जगाधरी के अग्रसेन चौक से रक्षक विहार नाका व मानकपुर टूटे डिवाइडरों को ठीक कराने का मामला कई बार सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक में उठा। एनएचएआइ ने इस कार्य के लिए नगर निगम को एनओसी दी और फंड ट्रांसफर किया। लगभग एक वर्ष तक टेंडर प्रक्रिया में यह कार्य उलझा लिया।

कभी एजेंसी न मिलने से कार्य लटका तो कभी कोई बहाना बनाया गया। आखिकर नगर निगम ने पायल कंसट्रक्शन को इस कार्य का ठेका दिया लेकिन उसने भी तय समय में काम पूरा नहीं किया। अब डिवाइडर का कार्य पूरा हुआ लेकिन अभी भी इसमें ग्रिल नहीं लगी है। दुर्घटना के लिहाज से यह ग्रिड चिह्नित है। सड़क सुरक्षा कमेटी के एजेंडे में शामिल है।

डीसी के सामने भी स्पष्ट जवाब नहीं दे सके अधिकारी

डिवाइडर पर अधूरे पड़े कार्य को लेकर डीसी भी नगर निगम व एनएचएआइ के अधिकारियों से सवाल जवाब कर चुकी है। नगर निगम के अधिकारियों ने एजेंसी पर पैनल्टी लगाने व उसे ब्लैक लिस्ट करने का तर्क दिया।

एनएचएआइ ने तर्क दिया कि भारतमाला परियोजना के तहत हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा है। 16 किमी तक यह पूरा हो चुका है। जिसके बाद इसे लोक निर्माण विभाग को ट्रांसफर किया जाएगा। वहीं इस पर आगे कार्य कराएगा। हालांकि इन तर्कों को डीसी ने नहीं माना। उन्होंने कहा कि इसमें छह माह तक का समय लग सकता है। तब तक यहां दुर्घटनाएं होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *