एमसीबी : भीषण गर्मी में प्रशासन बना राहत का सहारा : हैंडपंप सुधार से ग्रामीणों को मिली पेयजल सुविधा…

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते जल संकट के बीच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है। जिले के विकासखंड मनेंद्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर में विभागीय टीम द्वारा बंद एवं खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत, निरीक्षण एवं सुधार कार्य किया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।  इस अभियान के तहत खराब हैंडपंपों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। लालपुर में किए गए सुधार कार्य के बाद ग्रामीणों को अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है और दैनिक जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए हैंडपंप सुधार कार्य लगातार जारी है और टीमों को गांव-गांव भेजकर पेयजल स्रोतों की निगरानी की जा रही है। जहां भी खराबी की सूचना मिल रही है, वहां त्वरित कार्रवाई कर सुधार कार्य किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समय पर हैंडपंप मरम्मत होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। यह पहल प्रशासन की संवेदनशीलता और ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। लगातार किए जा रहे सुधार कार्यों से जिले में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *