अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच काउंटी के ग्रीनएकर्स इलाके में रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। टेक्सस से बहामास जा रहा एक निजी लियरजेट 60 विमान अचानक तेजी से नीचे गिरते हुए एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस भयानक हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। विमान के जमीन पर टकराने से ठीक पहले कॉकपिट से आए अंतिम शब्द बेहद रूह कंपा देने वाले थे, जिसमें चालक दल ने कहा था कि हमारे पास समय खत्म हो चुका है।
अंतिम पलों का खौफनाक डिस्ट्रेस कॉल
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग से पता चलता है कि विमान को आखिरी मिनटों में खराब मौसम, गंभीर टर्बुलेंस और विंग्स पर बर्फ जमने का सामना करना पड़ा था। विमान खतरनाक रफ्तार से अपनी ऊंचाई खो रहा था, जिसके चलते पायलट ने लगातार आपातकालीन संदेश भेजे।
शुरुआत में पायलट ने कंट्रोलर्स से कहा कि वे 8000 से 10000 फीट प्रति मिनट की दर से नीचे गिर रहे हैं। कुछ ही पलों में हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए।
इसके बाद पायलट ने घबराते हुए संदेश दिया कि विमान ओवरस्पीड स्थिति में है और 20000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहा है, और वे जमीन से टकराने वाले हैं।
वहीं, रिकॉर्डिंग में एक महिला क्रू मेंबर की चीख भी सुनाई दी, जिसने टकराने से ठीक पहले चिल्लाते हुए कहा कि अब उनके पास बिल्कुल समय नहीं बचा है।
एटीसी के संपर्क साधने की लगातार कोशिशों के बीच क्रू की तरफ से आखिरी संदेश आया कि वे 22000 फीट नीचे गिर रहे हैं और विमान 60 डिग्री तक झुक चुका है।
खराब मौसम और बर्फबारी बनी चुनौती
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, लियरजेट 60 ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के नॉर्थ एल्यूथेरा के लिए उड़ान भरी थी।
जब विमान पूर्व की ओर 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तब पायलटों ने टर्बुलेंस, बारिश और बर्फ जमने की जानकारी दी और सुरक्षित रहने के लिए 2000 फीट और ऊपर जाने की अनुमति मांगी।
हालांकि, ऊंचाई बढ़ाते ही मौसम और ज्यादा बिगड़ गया। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, उस वक्त इलाके में गरज-चमक के साथ भीषण तूफान और खतरनाक मौसमी परिस्थितियां बनी हुई थीं।
अत्यधिक गति से सीधे जमीन की ओर गोता
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और एटीसी रिकॉर्ड के अनुसार, विमान लगभग 41,000 फीट की ऊंचाई तक पहुंचा और फिर अचानक तेज ढलान में आ गया।
विमान पहले 10000 फीट प्रति मिनट, फिर 20000 फीट और अंत में 30000 से 32000 फीट प्रति मिनट से भी अधिक की खतरनाक दर से नीचे गिरा, जो इस विमान की बनावट और तकनीकी क्षमता की तय सीमाओं से कहीं अधिक था।
जमीन की ओर तेजी से बढ़ते हुए विमान ने एक तीखा दाहिना मोड़ लिया। विमान का आखिरी सिग्नल लगभग 8750 फीट की ऊंचाई पर दर्ज किया गया, जिसके बाद वह सीधे जमीन में जा धंसा।
वीडियो में कैद हुआ खौफनाक मंजर
सोशल मीडिया पर सामने आए डैश-कैमरा और प्रत्यक्षदर्शियों के वीडियो में हादसे का भयावह दृश्य कैद हुआ है। फुटेज में दिख रहा है कि रिहायशी सड़क पर गाड़ियां चल रही थीं, तभी आसमान से एक विमान सीधे जमीन की ओर नोज-डाइव करते हुए गिरा और जोरदार धमाके के साथ एक बड़े आग के गोले में तब्दील हो गया।
हादसे की जगह पर सड़क पर एक बड़ा गड्ढा बन गया और चारों ओर कंक्रीट व मलबे के टुकड़े बिखर गए, जिनमें भीषण आग लगी हुई थी। आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार उठने लगा और आसपास के स्थानीय निवासी दहशत में बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों ने सुनाई धमाके की दास्तां
हादसे के समय पास के अपार्टमेंट में मौजूद एक मां और उनके बेटे ने बताया कि धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा घर हिल गया। खिड़कियां जोर-जोर से खड़कने लगीं और इलाके की बिजली गुल हो गई। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद आसमानी बिजली गिरी है, लेकिन बाहर देखने पर उन्हें लपटें और काला धुआं दिखाई दिया।
यह दुर्घटना ग्रीनएकर्स के एक आवासीय इलाके में हुई। यह स्थान मार-ए-लागो से करीब 7 से 8 मील पश्चिम और वेस्ट पाम बीच हवाई अड्डे से करीब 4 मील दक्षिण में स्थित है। गौरतलब है कि इस हादसे से करीब एक घंटा पहले ही पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप इसी हवाई अड्डे से रवाना हुए थे।
फिलहाल अमेरिकी विमानन एजेंसियां एफएए और एनटीएसबी इस बात की विस्तृत जांच कर रही हैं कि किन तकनीकी खामियों या मौसमी कारणों के चलते विमान अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुआ।