ईदगाह चौराहे के पास शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे तीन गैराजों में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई।
गैराज में रखे आक्सीजन सिलिंडर और मोबिल आयल के डिब्बे फटने लगे से अफरातफरी मच गई। लपटें गैराज के ठीक पीछे स्थित गूदड़ बस्ती तक पहुंचने लगीं, जिससे महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए।
शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे। गनीमत रही कि आग के गूदड़ बस्ती तक पहुंचने से पहले दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच गईं।
छह गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग गूदड़ बस्ती तक पहुंचती तो लखनऊ जैसा बड़ा हादसा हो सकता था। वहां 10 दिन पहले विकासनगर में लगी आग से करीब 250 झोपड़ियां खाक हो गई थीं।
ईदगाह चौराहा स्थित गैराज में लगी आग। वीडियो ग्रैब
चमनगंज निवासी अकील का ईदगाह चौराहे के पास जनता गैराज के नाम से गैराज है। रात करीब साढ़े 11 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई।
इस दौरान गैराज में रखे आक्सीजन सिलिंडर और मोबिल आयल के डिब्बे फटने लगे तो आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। गैराज में खड़ी ग्राहकों की दो कारें राख हो गईं।
आसपास के सनशाइन व ओम मोटर्स भी चपेट में आ गया। लपटों की वजह से पीछे स्थित गूदड़ बस्ती के लोग दहशत में आ गए। आग गैराज के पीछे स्थित गूदड़ बस्ती तक पहुंच रही थी तभी दमकल के जवानों ने संकरी गली से पाइप बिछाकर आग बुझानी शुरू की।
लपटों को उठता देखकर आसपास के अन्य गैराज मालिक अपनी दुकानों को खोलकर कार और आक्सीजन सिलिंडर निकालना शुरू किया।
आग की भयावहता देखकर बस्ती के लोग निकलकर सड़क पर आ गए। जनता गैराज के मालिक अकील और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और अपनी आंखों के सामने गैराज जलता देखकर फफककर रो पड़े। अकील ने बताया कि रविवार को उनकी बहन का निकाह होना है। शुक्रवार को मेंहदी का कार्यक्रम था जिसमें परिवार के सभी लोग मशगूल थे।
प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से गैराज में आग लगने की बात सामने आई है आसपास के फायर स्टेशनों से पहुंची दमकल की छह गाड़ियेां ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। जवानों की तत्परता से आग को बस्ती तक नहीं पहुंचने दिया गया वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
– दीपक शर्मा,मुख्य अग्निशमन अधिकारी