बीते दिन रविवार को रूस ने यूक्रेन पर भीषण हमले किए। इन हमलों में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का दफ्तर भी डैमेज हो गया। इस पर डब्ल्यूएचओ के डायरेक्टर-जनरल टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने सीजफायर की अपील की।
टेड्रोस ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “कल रात कीव में हुए कई हमलों में से एक हमला यूक्रेन के डब्ल्यूएचओ के दफ्तर पर हुआ जिसमें वह डैमेज हो गया।” नुकसान की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि WHO दफ्तर की तीसरी मंजिल की खिड़की टूट गई। हालांकि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
WHO ने की सीजफायर की अपील
मानवीय और नागरिक बुनियादी ढांचे को होने वाले खतरों की ओर ध्यान दिलाते हुए टेड्रोस ने कहा कि इस इमारत में WHO के अलावा संयुक्त राष्ट्र की कई एजेंसियां भी हैं। उन्होंने लिखा, “स्वास्थ्य और नागरिकों पर हमले जरूर रुकने चाहिए।” उन्होंने आगे सभी पक्षों से सीजफायर पर सहमत होने की अपील करते हुए कहा, “हम एक बार फिर सीजफायर की अपील करते हैं। शांति ही सबसे अच्छी दवा है।”
रात भर हुए हमलों में कई लोगों के घायल होने की खबर
टेड्रोस ने कीव में नागरिक बुनियादी ढांचे पर रात भर हुए हमलों से हुई मौतों और चोटों की खबरों पर भी चिंता जताई। रविवार को रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर रात भर मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया, जिसमें रिहायशी इलाकों, एक स्कूल और कमर्शियल इमारतों को निशाना बनाया गया।
इन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। यह हमला मॉस्को के उस ऐलान के कुछ ही दिनों बाद हुआ है, जिसमें उसने रूस के कब्जे वाले इलाके में यूक्रेन के हमलों का बदला लेने की कसम खाई थी। रूसी अधिकारियों का दावा है कि उन हमलों में 18 लोग मारे गए थे।