नवी मुंबई स्थित न्हावा शेवा बंदरगाह पर अखरोट के फर्जी आयात के जरिए सीमा शुल्क की चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। इस धोखाधड़ी के कारण सरकार को 138.84 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर न्हावा शेवा में जवाहरलाल नेहरू कस्टम हाउस की केद्रीय खुफिया इकाई (सीआइयू) ने आपरेशन को-फाइंड चलाया, जिसने इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया।
चीन, अमेरिका और चिली से आने वाली अखरोट की खेपों को यूएई के जेबेल अली के रास्ते भेजा जा रहा था। दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार क्षेत्र (एसएएफटीए) के तहत गलत तरीके से प्रिफरेंशियल टैरिफ लाभ का दावा करने के लिए इन खेपों को झूठे तौर पर अफगानिस्तान का दिखाया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह अखरोट पर लगने वाले प्रभावी सीमा शुल्क को लगभग 110 प्रतिशत से घटाकर मात्र पांच प्रतिशत कर दिया गया था।
मुंबई में कई स्थानों पर छापेमारी में भारी मात्रा में डिजिटल और दस्तावेजी सुबूत बरामद हुए हैं, जिसके बाद अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।