प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को हरियाणा की मेजर अभिलाषा बराक को यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी।
पीएम ने कहा कि यह सम्मान उनकी बेहतरीन सेवा और संयुक्त राष्ट्र के शांति-स्थापना प्रयासों में भारत के लंबे समय से चले आ रहे योगदान की पहचान है।
बराक अभी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ काम कर रही हैं। उन्हें यह अवॉर्ड पश्चिम एशियाई देश में अपनी तैनाती के दौरान महिलाओं और लड़कियों के साथ जुड़ने और उनके लिए काम करने की कोशिशों के लिए दिया गया है। वह भारतीय सेना की पहली महिला काम्बैट हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं।
पीएम मोदी ने मेजर अभिलाषा बराक को दी बधाई
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेजर बराक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल में एंगेजमेंट टीम कमांडर और जेंडर फोकल पाइंट के तौर पर काम कर रही हैं।
पीएम ने कहा, ‘यह सम्मान उनकी बेहतरीन सेवा और संयुक्त राष्ट्र के शांति-स्थापना प्रयासों में भारत के लंबे समय से चले आ रहे योगदान की पहचान है। उनकी उपलब्धि अनगिनत युवा भारतीयों, खासकर हमारी बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो देश और मानवता की सेवा करना चाहती हैं।’
संयुक्त राष्ट्र शांति-स्थापना के अनुसार, हर साल सभी शांति अभियानों के फोर्स कमांडरों और मिशन प्रमुखों द्वारा नामिनेट किए गए उम्मीदवारों में से अवार्ड पाने वाले को चुना जाता है।