गुजरात के गांधीनगर स्थित गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में शराब की बिक्री में आई तेजी के बीच अगस्त, 2024 से जुलाई, 2026 के दौरान 60,354.47 लीटर भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आइएमएफएल) की बिक्री हुई। इस दौरान राज्य सरकार ने शराब की बिक्री से 87.39 लाख रुपये का राजस्व भी अर्जित किया।
मुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। खेड़ावाला ने गिफ्ट सिटी में शराब की बिक्री के बारे में सवाल पूछा था।
आकड़ों के अनुसार, गिफ्ट सिटी के निर्धारित वाइन एंड डाइन क्षेत्र में एक अगस्त 2024 से 31 जुलाई, 2025 के बीच 3,716.28 लीटर आइएमएफएल की बिक्री हुई थी।
इसके अगले एक साल यानी एक अगस्त 2025 से 31 जुलाई, 2026 के बीच शराब की बिक्री बढ़कर 56,638.19 लीटर हो गई।
इस तरह दो साल में कुल 60,354.47 लीटर शराब बिकी। 2025-26 में बिक्री की मात्रा सालाना आधार पर 15 गुना से अधिक रही। गुजरात सरकार ने दिसंबर, 2023 में गिफ्ट सिटी के लिए राज्य के शराबबंदी नियमों में ढील देते हुए शराब उपलब्ध कराने की अनुमति दी थी।