‘सबक नहीं सीखा!’ तवी नदी में पशु चराने उतरे दो युवक फंसे, जानवर तैरकर निकले बाहर; रेस्क्यू टीम ने बचाई जान…

तवी नदी के बढ़ते जलस्तर के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की ओर से लगातार की जा रही अपील के बीच मंगलवार को सतवारी थाना क्षेत्र के पराबली (फलाय मंडाल) में दो युवक अपनी जान जोखिम में डालकर मवेशी चराने के लिए तवी नदी पार चले गए। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण तवी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और दोनों युवक नदी के बीच फंस गए।

शाम पांच बजे जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन जवानों ने नाव की सहायता से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मवेशी तैरकर सुरक्षित किनारे पर पहुंच गए

बचाए गए युवकों की पहचान पराबली निवासी फरमान अली पुत्र बशीर अहमद और फारूक अहमद पुत्र अली हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने मवेशियों को लेकर नदी पार गए थे। जलस्तर बढ़ने पर मवेशी तो तैरकर सुरक्षित किनारे पर पहुंच गए, लेकिन दोनों युवक बीच धारा में फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता नहीं बचा।

राहत अभियान के दौरान मढ़ के विधायक सुरिंदर भगत भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। एसडीआरएफ ने दोनों युवकों को सुरक्षित निकाल लिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *