कोटेदार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव फर्श पर पड़ा था। जांच करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह मामला झंगहा थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव का है।
कोटेदार की पहचान 55 वर्षीय जयनारायण यादव के रूप में हुई, उनके तीन पुत्र है। पांच दिन पहले कोटेदार की पत्नी की मृत्यु हुई थी। आरोप है कि वाराणसी में अस्थि प्रवाहित करने के बाद बुधवार की रात दूसरे नंबर का बेटा जब घर पहुंचा तो किसी बात को तीनों बेटों के बीच में विवाद हुआ।
मामला शांत होने के बाद जयनारायण अपने कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। गुरुवार की सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो छोटे बेटे सोनू यादव ने पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सिपुर्द कर दिया गया। देर शाम शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। स्वजन की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।