मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और स्थानीय उद्योगों को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। इसके लिए पर्यटकों के लिए नए मैं पर्यटन स्थल और आवश्यक पर्यटन सुविधाओं को तैयार किया जा रहा है।
निजी क्षेत्र में रोजगार और निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निवेश बढ़ाने के लिए एक नई औद्योगिक नीति बनाई जा रही है।
आज यहां कश्मीर हाट मैं एक हस्तशिल्प प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन सीज़न की शुरुआत ट्यूलिप गार्डन से हो चुकी है और पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षण जोड़ने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा, “पर्यटन सीज़न ट्यूलिप गार्डन से शुरू हो गया है, और अब हम नई चीज़ें लाने पर काम कर रहे हैं ताकि पर्यटकों को यहां और अधिक देखने व अनुभव करने का मौका मिले।”
समृद्ध हस्तशिल्प विरासत को प्लेटफॉर्म देना मकसद
उन्होंने कश्मीर की समृद्ध हस्तशिल्प विरासत को प्रदर्शित करने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “Know Your Artisan” जैसे प्लेटफॉर्म का उद्देश्य पश्मीना, कानी शॉल, चेन स्टिच, लकड़ी की नक्काशी और तांबे के काम सहित सभी पारंपरिक शिल्पों को एक छत के नीचे लाना है, ताकि पर्यटक और स्थानीय लोग दोनों इन्हें करीब से जान सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल लोगों को स्थानीय कारीगरों के हुनर और उनकी कला के मूल्य को समझने में मदद करेगी और उन्होंने श्रीनगर व आसपास के क्षेत्रों के लोगों से ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने और समर्थन देने की अपील की।
संतुलित और व्यावहारिक नीति तैयार
औद्योगिक क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली प्रोत्साहन नीति समाप्त हो चुकी है और सरकार अब एक नई, अधिक प्रभावी नीति पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “हम ऐसी नीति बनाने की कोशिश कर रहे हैं जो वास्तव में ज़मीनी स्तर पर लोगों को फायदा पहुंचाए। पहले प्रोत्साहन दिए गए थे, लेकिन निवेश या औद्योगिक विकास के मामले में उनका असर कम रहा।”
उन्होंने बताया कि एक संतुलित और व्यावहारिक नीति तैयार करने के लिए मौजूदा उद्यमियों और संभावित निवेशकों से फीडबैक लिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को फिर से गति मिल सके।