क्या राघव, संदीप और मित्तल की राज्यसभा सदस्यता पर मंडरा रहा खतरा? आम आदमी पार्टी दे सकती है बड़ा झटका…

राज्यसभा के दो-तिहाई सांसदों द्वारा आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने अपनी नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी ने उन तीन सांसदों राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल को बड़ा झटका देने की तैयारी कर ली है जिन्होंने भाजपा ज्वाइन की है।

इसी के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में वर्तमान स्थिति पर चर्चा जारी है। बीती रात गुजरात दौरे से लौटते ही मनीष सिसोदिया अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पहुंचे।

एयरपोर्ट से सीधे केजरीवाल के घर पहुंचे सिसोदिया

मनीष सिसोदिया राजकोट से लौटकर देर रात एयरपोर्ट से सीधे केजरीवाल के घर पहुंचे। दोनों नेताओं की आधा घंटे से ज्यादा बैठक चली जिसमें उन्होंने सात सांसदों के जाने से पार्टी पर क्या असर होगा और पार्टी की भविष्य की क्या रणनीति होगी उस पर चर्चा की।

अब आम आदमी पार्टी भी राज्यसभा के सभापति को लेटर भेजने की तैयारी कर रही है। यह फैसला राघव चड्ढा के उस बयान के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि वह और आप के 6 अन्य सांसद ने राज्यसभा के सभापति को पार्टी छोड़ने और उससे संबंधित नियम के बारे में अवगत करा दिया है।

AAP लिखेगी राज्यसभा चेयरमैन को खत

आप के सूत्रों का कहना है कि राज्यसभा में पार्टी के मुख्य व्हिप एनडी गुप्ता सभापति को राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के खिलाफ लेटर सौंपेंगे। इसमें दल-बदल विरोधी कानून के तहत इन तीनों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

ऐसी मांग इसलिए की जाएगी क्योंकि इन तीनों को ही कैमरे के सामने भाजपा ज्वाइन करते हुए देखा गया है। अन्य चार जिनके नाम राघव ने लिए थे वो कहीं दिखाई नहीं दिए। इसीलिए चीफ व्हिप इन तीन के खिलाफ शिकायत देंगे।

आप के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी एलान किया था कि वह राज्यसभा चेयरमैन को पत्र लिख इन तीन सांसदों के डिस्क्वालिफिकेशन की मांग रखेंगे, जिसका प्रावधान संविधान की 10वीं सूची में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *