मिडिल ईस्ट में जारी तनाव चरम पर पहुंच गया है। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने ईरान के भीतर ‘कई सैन्य ठिकानों’ पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं। इस बीच, ईरान द्वारा जवाबी कार्रवाई की धमकी दिए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। ईरानी हमलों को देखते हुए बहरीन में सायरन बजाकर मिसाइल अलर्ट जारी किया गया है, वहीं कुवैत ने सुरक्षा के लिहाज से अपने एयर डिफेंस सिस्टम (हवाई रक्षा प्रणालियों) को एक्टिव कर दिया है। कुवैती सेना का कहना है कि एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मन के हवाई लक्ष्यों को निशाना बना रहे हैं।
18 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला- ईरानी सेना का दावा
ईरान ने दावा किया है कि उसकी सेनाओं ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कुवैत और बहरीन में 18 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया। ईरानी मीडिया के अनुसार इन हमलों में कुवैत के अली अल-सलेम और अहमद अल-जाबेर हवाई अड्डों और बहरीन के शेख ईसा हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया। खबरों के मुताबिक, ईरान ने जंजन, तब्रीज और उर्मिया शहरों से जॉर्डन की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
ईरान के हमलों के कारण कुवैत ने अपना एयरस्पेस बंद किया
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। ईरान के लगातार हमलों के कारण कुवैत ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने यह घोषणा की है।
बहरीन में बजे हवाई हमले के सायरन
ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, देश के दक्षिणी हिस्से पर अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरानी सेना ने बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट को ड्रोन से निशाना बनाया। ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले करके जवाब दिया। वहीं, बहरीन के गृह मंत्रालय का कहना है कि देश में चेतावनी वाला सायरन फिर से बजाया गया है।
अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने कहा कि ईरान की अनुचित और लगातार आक्रामकता के जवाब में ईरान भर में सैन्य निगरानी क्षमताओं, संचार प्रणालियों और हवाई रक्षा स्थलों को निशाना बनाया गया। हमले तेहरान में आधी रात के कुछ ही समय बाद शुरू हुए और लगभग चार घंटे बाद समाप्त हुए।
ईरान ने होर्मुज से जाने वाले जहाजों पर दी कार्रवाई की धमकी
होर्मुज में जारी तनातनी के बीच ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी है। तेहरान का कहना है कि यह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग है जो लगभग बंद है। ईरानी मीडिया ने दो जहाजों पर गोलीबारी करने की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि ईरान के शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान ने गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की, जिसमें तेल टैंकर और वाणिज्यिक जहाज भी शामिल हैं, और कहा कि जो भी जहाज वहां से गुजरने का प्रयास करेगा, उस पर गोली चलाई जाएगी।