IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या मामले में नया मोड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं; विसरा सुरक्षित…

आईपीएस आशुतोष मिश्र की वृद्ध मां की हत्या व लूट के मामले में अब तक पुलिस कोई सुराग नहीं ढूंढ सकी। हत्यारे पहेली बने हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक कहना है कि पोस्टमार्टम से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

चिकित्सकों ने जांच के लिए विसरा सुरक्षित किया है। इस बीच सोमवार को शव के अंतिम संस्कार तैयारी चल रही है। इस सनसनीखेज घटना का शीघ्र राजफाश किए जाने की मांग नेताओं व स्थानीय लोग द्वारा की जा रही है।

मालीपुर के धवरुआ के मजरे रूढ़ा निवासी आइपीएस आशुतोष मिश्र वर्तमान समय लखनऊ में पुलिस आवास निर्माण प्रभारी पद पर कार्यरत हैं। गांव में इनका गजाधरनाथ मर्यादा इंटर कॉलेज संचालित है।

लखनऊ लौट गए थे आशुतोष

आशुतोष की मां इंद्रा देवी कॉलेज की प्रबंधक थीं। स्वतंत्रता दिवस पर वह मां के साथ विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। कार्यक्रम में शामिल होकर आशुतोष शनिवार देर शाम लखनऊ लौट गए थे। इंद्रा देवी यहीं रुक गई थीं। रात में 10 बजे लखनऊ से आशुतोष ने अपनी मां से फोन पर बात भी की थी। रविवार की सुबह छह बजे फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा।

बेड पर पड़ी हुई थी लाश

सुबह लगभग नौ बजे घर में काम करने वाली नौकरानी पहुंची। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। वह दरवाजा खोल अंदर बरामदे में पहुंची तो इंद्रा देवी अपने तख्त पर नहीं थी। वह उन्हें पुकारती अंदर गई तो देखा हाल में लगे बेड पर पड़ी हैं। मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था।

इसकी सूचना पड़ोसी राम नायक को दी। वह मौके पर पहुंचे और उनके मुंह से कपड़ा काफी मेहनत के बाद निकाला। इसी दौरान आसपास के लोग पहुंच गए व इसकी सूचना आशुतोष मिश्र को दी। दोपहर करीब एक बजे वह घर पहुंचे। मां का शव देखा तो उनकी निगाह शरीर के आभूषणों पर गई।

सोने की चेन, कुंडल सब गायब थे

सोने की चेन, कंगन, कुंडल, अंगूठी गायब थी। हाथ में किसी इंजेक्शन लगने का निशान और शरीर पर खरोंच देख उन्होंने पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया।

मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका

पाेस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। इससे जानने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। वहीं, हार्ट अटैक की संभावना की जांच के लिए हृदय को भी परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

हत्यारों का अभी तक नहीं लगा सुराग

पुलिस की स्वॉट, एसओजी, सर्विलांस के अलावा स्थानीय थानों की पुलिस अभी तक हत्यारों का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस टीमें सर्विलांस सेल के माध्यम से शाम व रात्रि के समय आने-जाने वाले लोगों की लोकेशन तलाश रही हैं। साथ ही आसपास व धवरुआ बाजार में लगे सीसी कैमरे की फुटेज बारीकी से देख रही है।

अयोध्या में होगा अंतिम संस्कार

घर पर अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। अंतिम संस्कार अयोध्या में सरयू तट पर किया जाएगा। स्वजन व ग्रामीण शव लेकर अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया, एसपी प्राची सिंह, एडीएम ज्योत्सव बंधु, पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव, डॉ. अभिषेक सिंह, रिंकू उपाध्याय समेत अन्य पहुंचकर शाेक संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *