अमेरिकी अप्रवासन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) एजेंसी ने कैलिफोर्निया से एक 40 वर्षीय भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह शख्स जर्मनी में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम संदीप सिंह है। संदीप को कैलिफोर्निया के फेयरफील्ड इलाके से हिरासत में लिया गया है।
कैसे घुसा था अमेरिका?
मामले में ‘इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट’ (ICE) सैन फ्रांसिस्को की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई जानकारी के मुताबिक, संदीप सिंह साल 2023 में मैक्सिको के रास्ते गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था। जर्मनी में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का वारंट जारी है।
फिलहाल संदीप को हिरासत में रखा गया है और उसे डिपोर्ट (भारत या जर्मनी वापस भेजने) करने के लिए कानूनी कार्यवाही चल रही है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने अभी तक जर्मनी वाले मामले की ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
अमेरिका के अन्य राज्यों में भी हुई भारतीयों पर कार्रवाई
बता दें कि ICE पिछले कुछ समय से आपराधिक बैकग्राउंड वाले या अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रहा है। इसी के तहत हाल ही में कुछ अन्य भारतीय नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इसी क्रम में न्यू जर्सी के नेवार्क में ICE ने उबैदुल्लाह अब्दुलराशिद रेडियोवाला नाम के एक भारतीय नागरिक को हिरासत में लिया है। इस पर हत्या के प्रयास और जबरन वसूली जैसे गंभीर आपराधिक आरोप हैं। गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड होने की वजह से उसे अमेरिका से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लॉस एंजिलिस से भी एक भारतीय गिरफ्तार
दूसरी ओर कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस में साल 2026 की शुरुआत में परमिंदरपाल सिंह नाम के एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, परमिंदरपाल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें लूटपाट और हमले जैसी हिंसक वारदातें शामिल हैं। उसे भी देश से बाहर भेजने की कानूनी प्रक्रिया जारी है।