महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में गुरुवार रात पुरानी रंजिश के चलते कुछ बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस अंधाधुंध फायरिंग में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसर, यह घटना गुरुवार रात करीब 8.30 बजे कैलाश कॉलोनी में हुई हमलावरों ने पीड़ित परिवार पर करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वहां रहने वालों में दहशत फैल गई।
दो की मौत एक घायल
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस गोलीबारी में दो सगे भाईयों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके चाचा घायल हो गए। घायल चाचा को तुरंत आपातकालीन इलाज के लिए ठाणे के एक अस्पताल ले जाया गया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
घटना के तुरंत बाद, हिल लाइन पुलिस स्टेशन की एक टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेर लिया गया है, और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस अंधाधुंध गोलीबारी के पीछे पुरानी रंजिश ही वजह है।