“अगला युद्ध लड़ने और जीतने के लिए तैयार है भारतीय सेना”, पूर्व सेना प्रमुख जेजे सिंह का महत्वपूर्ण बयान…

पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) जेजे सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारतीय सेना अगला युद्ध लड़ने और जीतने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य का युद्ध कई क्षेत्रों में लड़ा जाएगा; जिसमें जमीन, हवा, समुद्र, अंतरिक्ष, साइबर क्षेत्र और बौद्धिक कौशल के क्षेत्र (काग्निटिव डोमेन) शामिल होंगे। हम उसी की तैयारी कर रहे हैं।

रक्षा एवं रणनीतिक विशेषज्ञों के विभिन्न लेखों के एक संकलन के विमोचन समारोह से इतर जनरल सिंह ने कहा, ”मुझे लगता है कि इस पुस्तक में उन सभी चुनौतियों के बारे में विस्तृत लेख हैं जिनका भारत अपने पड़ोस में सामना कर रहा है। इसमें यह भी बताया गया है कि दुनियाभर में किस तरह की उथल-पुथल मची हुई है।”

उन्होंने कहा कि इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों के सभी आयामों को शामिल किया गया है। इस पुस्तक में न केवल सैन्य क्षेत्र, बल्कि आर्थिक क्षेत्र, अंतरिक्ष क्षेत्र और युद्ध के अन्य आयामों को भी शामिल किया गया है।

जब उनसे पूछा गया कि भारतीय सेना को भविष्य के किसी भी युद्ध के लिए कैसे तैयार रखना चाहिए, तो जनरल सिंह ने कहा, ”भारतीय सेना अगले युद्ध की तैयारी कर रही है.. वह युद्ध शायद अंतरिक्ष से शुरू होगा। हमें अपनी अंतरिक्ष संरचना को दुरुस्त करना होगा और देश इसी प्रक्रिया में जुटा हुआ है।’

बता दें कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) मनोज पांडे ने मार्च में यहां एक कार्यक्रम में कहा था कि भारतीय सेनाओं को मौजूदा सुरक्षा खतरों से निपटने और आगे आने वाली चुनौतियों का पहले से अनुमान लगाने में सक्षम होना चाहिए।

साथ ही ऐसी क्षमताएं भी विकसित करनी चाहिए जो उन्हें भविष्य के युद्धों को प्रभावी ढंग से लड़ने में सक्षम बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *