ATF ईंधन की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी, विदेशी यात्रा पर पड़ सकता है असर…

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी की गई है, जिससे विदेशी यात्रा महंगी होने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए जेट फ्यूल की कीमतों में मई महीने के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इंडियन ऑयल के बयान के अनुसार, कच्चे तेल की बढ़ती लागत के बावजूद घरेलू एयरलाइंस के लिए कीमतों को स्थिर रखा गया है क्योंकि तेल कंपनियां बढ़े हुए इनपुट कॉस्ट के बोझ को खुद वहन कर रही हैं। इसी वजह से घरेलू एयरलाइंस के लिए हवाई ईंधन के दाम मई महीने में नहीं बढ़ाए गए हैं।

डोमेस्टिक यात्रियों को राहत

इसका सीधा मतलब यह है कि देश के भीतर हवाई सफर करने वाले यात्रियों को फिलहाल राहत है। हालांकि, इंटरनेशनल रूट पर सफर करने वालों के लिए थोड़ी मुश्किल हो सकती है क्योंकि विदेशी उड़ानों के लिए फ्यूल की कीमतें लगातार दूसरे महीने बढ़ा दी गई हैं। बता दें कि ATF की कीमतें आमतौर पर हर महीने की 1 तारीख को इनपुट कॉस्ट के आधार पर तय की जाती हैं।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में नहीं हुआ कोई बदलाव

ईंधन की कीमतों से जुड़े ताजा अपडेट के अनुसार, भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें जस की तस बनी हुई हैं, जिससे पूरे देश के उपभोक्ताओं को राहत मिली है। घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिसमें सबसे ज्दाया इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर भी शामिल हैं।

इसके विपरीत, कुछ चुनिंदा औद्योगिक क्षेत्रों में कीमतों में संशोधन किया गया है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे दिल्ली में इसकी नई कीमत 3,071.50 रुपये हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *