पलामू में नशे में धुत पति का पत्नी पर टांगी से हमला, दाहिना पैर बुरी तरह जख्मी; इलाज जारी…

जिले के पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई गांव में घरेलू विवाद के दौरान शराब के नशे में पति ने पत्नी पर लाठी-डंडा और टांगी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल महिला की पहचान रानी देवी (28) के रूप में हुई है, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल रानी देवी ने बताया कि शनिवार रात उसका पति विनोद ठाकुर नशे की हालत में घर पहुंचा और बच्चों के साथ मारपीट करने लगा।

जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे भी लाठी-डंडा और टांगी से बेरहमी से पीटा। टांगी के वार से उसका दाहिना पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने महिला के मायके वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने रानी देवी को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज जारी है, लेकिन उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

स्वजनों का आरोप है कि पति विनोद ठाकुर, देवर संजय ठाकुर सहित ससुराल पक्ष के लोग अक्सर छोटी-छोटी बातों पर रानी देवी के साथ मारपीट व प्रताड़ना करते थे। इस संबंध में मायके पक्ष की ओर से पांकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *