हिमाचल में पत्नी और ससुराल की कथित प्रताड़ना से परेशान इंजीनियर ने की आत्महत्या, पिता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत; FIR दर्ज…

हिमाचल प्रदेश में नगर निगम ऊना केमिकल इंजीनियर की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। अंब के कलरुही में हादसा हुआ था। इंजीनियर की मौत मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि बेटे ने ससुराल पक्ष की मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त की थी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतक की पत्नी, सास-ससुर और साली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

दो साल पहले हुई थी शादी

पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पिता राजिंदर कुमार निवासी कलरुही ने आरोप लगाया है कि बेटे मुनीष की शादी अप्रैल 2024 में हमीरपुर में रेणुका के साथ हुई थी। वह चंडीगढ़ में निजी नौकरी करती थी। 

पत्नी की आपत्तिजनक चैट पकड़ी

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी ने मुनीष को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया और जब मुनीष ने अपनी पत्नी के मोबाइल में आपत्तिजनक चैट पकड़ी तो विवाद और बढ़ गया। पिता का कहना है कि इस बात पर साली ने भी मुनीष को अपमानित किया।

ससुराल ने की थी हाथापाई

शिकायत के अनुसार ससुराल पक्ष ने हमीरपुर में मुनीष के साथ हाथापाई भी की थी और फरवरी माह में चंडीगढ़ में हुई एक मुलाकात के दौरान उसे बुरी तरह प्रताड़ित करते हुए दोबारा वहां न आने की धमकी दी गई थी।

धमकियों से तनाव में था मुनीष

ससुराल वालों द्वारा बार-बार दी जा रही धमकियों और देख लेने की चेतावनी से मुनीष गहरे मानसिक तनाव में था। जिस कारण उसने बीती 7 मार्च की सुबह करीब 8 बजे रेलवे ट्रैक पर जाकर खौफनाक कदम उठा लिया। पीड़ित पिता ने बताया कि बेटे की मौत के सदमे और क्रियाकर्म में व्यस्त होने के कारण वे रिपोर्ट दर्ज करवाने में विलंब हुआ है।

पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आया था मुनीष

गत सात मार्च को अंब से दौलतपुर रेलवे ट्रैक पर सैर कर रहे 34 वर्षीय मुनीष की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। पहले यह बताया जा रहा था कि वह उस रोज सुबह अपने घर के पास ही रेलवे ट्रैक के किनारे टहल रहा था। इसी बीच दौलतपुर चौक से अंबाला की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजरी और मुनीष उसकी चपेट में आ गया।

हादसे के तुरंत बाद लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रोकी और घायल मुनीष को ट्रेन के जरिए ही अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंचाया। जहां से उन्हें एम्बुलेंस द्वारा सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्या कहते हैं डीएसपी

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने कहा कि पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *