क्यूबा पर लगातार बढ़ते अमेरिकी दबाव के बीच राष्ट्रपति मिग्युअल डियाज कानेल ने सोमवार को कहा है कि सैन्य कार्रवाई का परिणाम घातक होगा और इससे रक्तपात बढ़ेगा और साथ ही क्षेत्रीय शांति और स्थिरता खतरे में पड़ जाएगी। कानेल ने एक्स पर कहा कि क्यूबा धमकी नहीं देता।
उधर, मेक्सिको से मानवीय सहायता लेकर एक जहाज हवाना पहुंच गया है। इसमें खाद्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री भरी हुई है।
अमेरिकी मीडिया एक्सियोस द्वारा खुफिया रिपोर्ट के आधार पर खबरों में कहा गया कि क्यूबो ने 300 से ज्यादा सैन्य ड्रोन हासिल किए हैं और वह अमेरिकी नौसेना के ग्वांतानामो बे स्थित सैन्य अड्डे, युद्धपोतों और फ्लोरिडा स्थित की वेस्ट पर इनसे हमला कर सकता है।
क्यूबा ने कहा है कि अमेरिका सैन्य दखलंदाजी को जायज ठहराने के लिए इस तरह की मनगढ़ंत दुष्प्रचार फैला रहा है। हवाना की सड़कों पर कुछ निवासियों ने कहा कि देश की गंभीर आर्थिक हालत के बावजूद वे अमेरिकी हमलों का सामना करने के लिए तैयार हैं।
बता दें कि इस साल जनवरी की शुरुआत में वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिका ने क्यूबा को होनेवाली ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर दिया। इसके बाद क्यूबा पर दबाव बढ़ गया है। देश में एक या दो घंटे के लिए ही बिजली उपलब्ध हो पा रही है।
अमेरिकी न्याय विभाग क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो को 1996 में क्यूबा द्वारा मानवीय सहायता समूह के दो विमानों को मार गिराने के आरोप में केस चलाने की योजना बना रहा है।
क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज ने एक्स पर कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्ट और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत क्यूबा को भी हर देश की तरह बाहरी आक्रमण के खिलाफ आत्मरक्षा का वैध अधिकार हासिल है। क्यूबा हर हाल में लड़ेगा और आत्मसमर्पण नहीं करेगा।