हिमाचल में जुलाई की बर्फबारी ने चौंकाया, रोहतांग-शिंकुला में बर्फ के फाहों संग झूमे सैलानी…

 पर्यटकों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। रोहतांग सहित शिंकुला और बारालाचा दर्रे में बर्फ के फाहे गिरे हैं। जुलाई महीने में इन दर्रों पर सैलानियों का स्वागत बर्फ के फाहों से हो रहा है। हालांकि बारिश ने पर्यटन कारोबार ठंडा किया है, लेकिन रौनक अभी बरकरार है।

यहां 5 से 6 फीट बर्फ की दीवारें

दारचा व जिसपा के पर्यटन कारोबारी सोनू, दोरजे व तेंजिन का कहना है कि जुलाई महीने में शिंकुला और बारालाचा दर्रों में सैलानियों का स्वागत बर्फ के फाहे कर रहे हैं। मनाली से 140 किमी दूर स्थित इन ऊंचे दर्रों में अभी भी 5 से 6 फीट तक की बर्फ की दीवारें और फ्रेश स्नोफॉल देखने को मिल रही है जो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण है।

400 पर्यटक वाहन पहुंचे रोहतांग

रोहतांग दर्रे में हालांकि बर्फ कम है, लेकिन पर्यटक दर्रे में आसानी से घूमने का आनंद ले रहे हैं। सड़क ठीक होने के कारण पर्यटक बिना दिक्कत के दर्रे में पहुंच रहे हैं। हालांकि पहले की अपेक्षा अब पर्यटकों की आमद कम है। वीरवार को 400 के लगभग पर्यटक वाहन ही दर्रे में पहुंचे। 

जिसपा नाला बढ़ा रहा मुश्किल

शिंकुला व बारालाचा दर्रे में बर्फ के ढेर लगे हैं लेकिन जिसपा नाला पर्यटकों की राह में रोड़ा बन रहा है। इस नाले में बार बार आ रही बाढ़ के कारण शिंकुला व बारालाचा दर्रे में जाने वाले पर्यटकों की आमद भी घटी है।

पुलिस की एडवायजरी

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि घाटी में बारिश का दौर जारी है, जबकि ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। पर्यटकों से आग्रह है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं और हालात का जायजा लेने के बाद ही सफर पर निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *