देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप अगले एक सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी क्षेत्रों, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में अगले छह से सात दिनों तक लू की स्थिति बनी रह सकती है।
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश चलेगी लू
मौसम विभाग के अनुसार, 22 मई से 28 मई के बीच उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तेज गर्म हवाएं चलने की आशंका है। खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली के कई हिस्सों में पड़ेगी भीषण गर्मी
आईएमडी ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इन क्षेत्रों में 24 से 27 मई के दौरान भीषण लू चलने की आशंका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
राजस्थान में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में 22 से 28 मई तक लू चल सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 24 से 28 मई के दौरान अत्यधिक गर्म हवाएं चलने और तापमान के सामान्य से काफी ऊपर रहने की संभावना है।
पहाड़ों पर भी लू की स्थिति
इसके अलावा विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में लू या भीषण लू की स्थिति बनने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 22 से 24 मई तक, ओडिशा में 22 से 26 मई तक तथा तेलंगाना में 22 और 23 मई को रातें भी गर्म रह सकती हैं, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम है।
दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 97 भारत में
एक्यूआइ डॉट इन के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 97 भारत में थे। भीषण लू ने देश के उत्तरी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, जिससे दोपहर तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से काफी ऊपर पहुंच गया था।
ओडिशा का बालांगीर 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद बिहार के सासाराम में 48 डिग्री सेल्सियस° और वाराणसी में 47° डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दुनिया के सबसे गर्म शीर्ष 100 शहरों की सूची में नेपाल के धांगड़ी, नेपालगंज और लुम्बिनी शहर शामिल हैं, जहां तापमान 45 से 46°डिग्री सेल्सियस° के बीच रहा। इन तीन नेपाली शहरों के अलावा, सूची में शामिल सभी शहर भारत के हैं।