देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कम से कम आठ राज्य इस समय तेज गर्मी की चपेट में हैं।
कई शहरों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जबकि रातों में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही।
शनिवार को महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा देश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बांदा और मध्य प्रदेश के नौगांव व खंडवा में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए खास इंतजाम
भीषण गर्मी का असर इंसानों के साथ-साथ जानवरों पर भी पड़ रहा है। गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास बने सरदार पटेल जूलॉजिकल पार्क में जानवरों और पक्षियों को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
यहां एसी, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं ताकि तापमान नियंत्रित रखा जा सके। वहीं वडोदरा के सायाजीबाग जूलॉजिकल पार्क में भी पानी का छिड़काव, फॉगर और बर्फ के टुकड़ों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
18 मई का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार रविवार, 18 मई को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां दिन के साथ रातें भी बेहद गर्म रह सकती हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लू चलने की आशंका जताई गई है। असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश होने का अनुमान है।
19 मई को भी जारी रहेगा गर्मी का असर
19 मई को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण लू चल सकती है। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।