मध्य प्रदेश में दिल दहला देने वाली वारदात: तीसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार…

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली जघन्य वारदात सामने आई है।

यहां के एक गांव में कक्षा तीसरी की मासूम का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले 28 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालिका बुधवार को स्कूल गई थी। दोपहर करीब ढाई बजे पड़ोसी युवक उसे बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। शाम साढ़े चार बजे तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो चिंतित स्वजन ने स्कूल पहुंचकर जानकारी ली, लेकिन वहां से कुछ पता नहीं चला।

इसके बाद स्वजन ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी डा. ऋषिकेश मीणा स्वयं मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। रात करीब एक बजे गांव से डेढ़-दो किलोमीटर दूर जंगल में बालिका का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ।

दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। बच्ची के स्वजन और ग्रामीणों ने आरोपित को फांसी दिए जाने की मांग की है।

मामले में कुछ साक्ष्य मिलने के बाद पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया गया है। एसपी मीणा ने बताया कि केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा, ताकि आरोपित को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *