गुजरात पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप नामक एक राज्यव्यापी खोज अभियान में महिलाओं और बच्चों सहित 701 लापता लोगों का पता महज 14 दिनों के भीतर लगा लिया। यह अभियान गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) केएलएन राव के नेतृत्व में शुरुआत किया गया था।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, मई के पहले सप्ताह में शुरू किए गए इस विशेष अभियान में गुजरात के सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को लंबे समय से लंबित लापता व्यक्तियों के मामलों को फिर से खोलने, उनकी समीक्षा करने और उन पर तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
गुजरात पुलिस के अनुसार, 2007 से अब तक राज्यभर में 24,767 से अधिक लोग लापता हो चुके हैं।
उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आपरेशन मिलाप के बारे में कहा है कि गुजरात पुलिस ने लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस उद्देश्य के लिए पुलिस को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।