शिविर में 274 आवेदन प्राप्त, मौके पर 94 का त्वरित निराकरण; राशन कार्ड, पेंशन एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण
सुशासन तिहार अंतर्गत विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम पंचायत दुरती में आज समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की अच्छी सहभागिता देखने को मिली। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
समस्त विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया।
शिविर में 14 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, 09 वृद्धजनों को पेंशन स्वीकृति पत्र तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाज हेतु 04 हितग्राहियों को पाँच-पाँच लाख रुपये तक का आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। इसके साथ ही विकासखंड प्रतापपुर के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में सर्वाेच्च अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण होने वाले 10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
शिविर में कुल 274 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 94 आवेदनों का शिविर स्थल पर ही तत्काल निराकरण कर आवेदकों को अवगत कराया गया। शेष 180 लंबित आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र निराकरण कर आवेदकों को सूचित करने की बात कही गई।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतापपुर की विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी पैकरा, एसडीएम प्रतापपुर श्रीमती ललिता भगत, जनपद पंचायत प्रतापपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनिल तिवारी सहित समस्त सम्मानित जनप्रतिनिधि, दुरती सेक्टर की उन्नीस पंचायतों के ग्रामीण महिला-पुरुष, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच, सचिव तथा समस्त विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर का संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनिल तिवारी एवं मंडल संयोजक प्रतापपुर श्री रंजय सिंह द्वारा किया गया।