सूरजपुर : कांटारोली पंचायत में सुशासन शिविर आयोजित, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, 86 आवेदन प्राप्त…

सुशासन शिविर से आमजन और प्रशासन के बीच बढ़ा संवाद  – विधायक भूलन सिंह मरावी

प्रेमनगर विधायक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ आयोजन

प्रेमनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत कांटारोली में आज सुशासन शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं। शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। यह आयोजन प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।       

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी, 86 आवेदन प्राप्त:-

शिविर में कांटारोली सहित आसपास के गांवों से आए लोगों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई। आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 86 आवेदन प्राप्त हुए । पूर्व में प्राप्त 320 आवेदन सहित कुल 406 आवेदन क्षेत्र से प्राप्त किए गए। जिन पर त्वरित निराकरण योग्य आवेदनो को निराकृत कर अन्य आवेदनों पर शीघ्र  कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। कुल आवेदनों में से कुल 108 आवेदन निराकृत किए जा चुके हैं एवं 298 आवेदन लंबित हैं।

          विधायक श्री मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि शासन का प्रयास है कि लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जाए। सुशासन तिहार के तहत लगाए जा रहे ये शिविर आम जनता को सीधे प्रशासन से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
           उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के सामने रखें और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं।

शिविर में उपलब्ध कराई गई सेवाएं:-

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाए गए, वहीं आधार कार्ड से संबंधित नए पंजीयन और संशोधन कार्य भी किए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, पेंशन एवं राशन कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
                इस दौरान जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के शिविरों में अधिक से अधिक भाग लेकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *