ब्रिटेन के पूर्व शाही सदस्य एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को सार्वजनिक पद पर कथित कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नाम सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन पुष्टि की है कि 60 वर्ष के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
इस मामले में उनकी कथित रूप से अमेरिकी दोषी यौन अपराधी जेफ्री एप्सटीन से जुड़ी गतिविधियों की जांच की जा रही है। थेम्स वैली पुलिस ने बताया कि वह उन आरोपों की जांच कर रही है जिनमें कहा गया है कि जेफ्री एप्सटीन ने एक दूसरी महिला को 2010 में यूनाइटेड किंगडम लाकर एंड्रयू से मिलवाया था।
कहां हुई थी मुलाकात?
बताया गया है कि यह मुलाकात 2010 में विंडसर स्थित रॉयल लॉज में हुई थी, जो एंड्रयू का पूर्व निवास था। उस समय महिला का उम्र 20 साल के करीब थी और वह ब्रिटिश नागरिक थी।
मामले ने तब फिर तूल पकड़ा जब एंड्रयू और एप्सटीन के बीच कुछ तस्वीरे और ईमेल सार्वजनिक हुए। इन खुलासों के बाद एंड्रयू ने विंडसर का घर छोड़कर नॉरफॉक स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में रहना शुरू कर दिया।
गोपनीय दस्तावेज साझा करने का आरोप
एक अन्य आरोप यह है कि एंड्रयू ने 2010 में ब्रिटेन के ट्रेड एनवॉय रहते हुए एपस्टीन के साथ कुछ व्यापार से जुड़े दस्तावेद साझा किए हो सकते हैं। पुलिस ने कहा है कि इन दावों का आकलन करने के बाद अब सार्वजनिक पद पर कदाचार के आरोप में औपचारिक जांच शुरू की गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए वह सावधानी से काम कर रही है।
कौन हैं एंड्रयू?
एंड्रयू, दिवंगत महारानी एलिजाबेथ II के दूसरे बेटे हैं। वह कई वर्षों से विवादों में रहे हैं, खासकर जेफ्री एपस्टीन से संबंधों को लेकर। 2019 में उन्होंने एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने आरोपों से इनकार किया था। यह इंटरव्यू काफी विवादित रहा।