महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है।
यहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में कम अंक आने से तनाव में चल रही एक छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृकता की पहचान अंकिता सांगले के रूप में हुई है, जो कि महाराष्ट्र के जालजपुर गांव की रहने वाली थीं।
मृतका के परिवार वालों के अनुसार अंकिता मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) में केवल 166 अंक मिलने की वजह से काफी तनाव में थीं। इसके बाद शनिवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई पाई गईं।
पुलिस को मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मौके से मराठी भाषा में लिखा हुआ एक सुसाइड नोट मिला है। मिली जानकारी के अनुसार अंकिता ने अपने सुसाइड नोट में परिवार के प्रति अपना प्यार और अपनी असफलता का दुख व्यक्त किया है।
‘आप लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया’
अंकिता ने आगे लिखा कि आप लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया, लेकिन मैं आप लोगों की एक भी इच्छा पूरी नहीं कर पाई। मां, आपने हर मुश्किल में एक दोस्त की तरह मेरा साथ दिया। दादा (भाई), आपने भी मेरा बहुत साथ दिया। आप मुझसे मां-पापा से भी ज्यादा प्यार करते थे। मेरी इस आत्महत्या के लिए आप में से कोई भी जिम्मेदार नहीं है।
नोट में अंकिता ने भाई से की अपील
मृतक अंकिता ने लिखा कि जब मैं नीट (NEET) की पढ़ाई कर रही थी, तब आप लोगों ने मेरे लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया और मैं असफल हो गई, आपकी इच्छाएं पूरी नहीं कर पाई।
अंत में अंकिता ने अपने भाई से अपील करते हुए अंत में लिखा कि भाई, मम्मी-पापा का अच्छे से ख्याल रखना। उन्हें किसी भी चीज की कमी मत होने देना। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।