जन-जन तक पहुच रहा है योजनाओं की जानकारी, किया जा रहा है समस्याओं का समाधान
ग्राम पंचायत मुरमुर में दूसरा बकरी पालन कलस्टर के रुप में विकसित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश
सीमांकन, पेंशन, राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों को दो दिन के भीतर करें निराकृत: कलेक्टर
विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
सुशासन तिहार के दौरान आज पेंड्रा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बम्हनी में जिले का आठवां जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आयोजित शिविर में समाज के सभी वर्गों के उत्थान एवं कल्याण के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
साथ ही विभिन्न मांगों एवं शिकायतों का निराकरण किया गया। कलेक्टर ने स्वयं आवेदकों के नाम पुकार कर मंच के समक्ष बुलाकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से उनके आवेदनों के निराकरण के बारे में बताने कहा।
शिविर में बकरी पालन हेतु शेड निर्माण के लिए कई आवेदन प्राप्त होने पर कलेक्टर ने कहा कि वे शिविर स्थल पर पहुचने से पहले ग्राम कोडगार में समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे बकरी पालन व्यवसाय का अवलोकन किया। बकरी पालन से महिलाऐं अच्छी खासी कमाई कर रही हैं। उन्होंने कोडगार की तरह मुरमुर में दूसरा बकरी पालन कलस्टर के रुप में विकसित करने जनपद सीईओ एवं आजीविका मिशन के अधिकारी को निर्देश दिए।
उन्होंने सीमांकन, पेंशन एवं राशन कार्ड से संबंधित आवेदन पर संबंधित विभाग के अधिकारी को दो दिन के भीतर जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा उन्हें प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांकन से संतुष्ट नहीं होने पर दुबारा सीमांकन के लिए कलेक्टर न्यायलय में आवेदन देना पड़ेगा।
कलेक्टर ने पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए आवश्यकता अनुसार हैंड पंप खनन एवं हैंड पंप सुधार के लिए कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देश दिए। उन्होंने वन भूमि ऋण पुस्तिका मांग के संबंध में वन विभाग के अधिकारी को अधिनस्थ अमले और रिकार्ड के साथ शिविर में उपस्थित होकर प्राप्त आवेदनों की छान बीन कर तत्काल निराकृत करने कहा। शिविर में ज्यादातर आवेदन राजस्व और पंचायत विभाग से संबंधित रहे। कलेक्टर के निर्देशा अनुसार विभागवार प्राप्त आवेदनों और निराकरण की स्थिति से अधिकारियों ने ग्रामीणों को अवगत कराया।
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने ग्रामीणों को संबोधित कर शिविरों में दी जा रही योजनाओं को जानने, समझने और भरपूर लाभ उठाने कहा। शिविर में 13 ग्राम पंचायत-कोडगार, घाटबहरा, बम्हनी, जिल्दा, खरडी, मुरमुर, घघरा, अमाडांड, जाटादेवरी, बसंतपुर, सोनबचरवार, लाटा एवं जमड़ीखुर्द पंचायत के ग्रामीणजन उपस्थित हो कर शिविर का लाभ उठाया। कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शिविर में लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त किए।
शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्न प्राशन कराया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत जाती प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता राशि का चेक, आबादी भूमि का अधिकार पत्र, बी-वन खसरा, वोटर आईडी, किसान किताब, पीएम आवास की चाबी, छड़ी, वॉकर, आयुषमान कार्ड, मितानिन दवा किट एवं लर्निंग लाइसेंस वितरित किया गया। शिविर में सीईओ जिला पंचायत मुकेश रावटे, एसडीएम पेंड्रारोड विक्रांत अंचल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा पैकरा, श्री पवन पैकरा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अजीत हेम कुवर श्याम सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।