जशपुरनगर : सुशासन तिहार में बगीचा नगर पंचायत बना जनसेवा का केंद्र…

जनसमस्या निवारण शिविर में सड़क सुरक्षा और स्वच्छता की दिलाई गई सामूहिक शपथ

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज नगर पंचायत बगीचा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर में प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ-साथ जनजागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। 

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रभात सिदाम, उपाध्यक्ष श्री दिनेश शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर सभी उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीड से बचने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। नागरिकों ने अपनी समस्याएं लिखित आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत की, जिनका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का निराकरण किया तथा शेष आवेदनों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

        वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। वहीं जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और अपने क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया। सुशासन तिहार के तहत आयोजित यह शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बना, बल्कि लोगों को जागरूक कर जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करने वाला साबित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *