मेक्सिको में ड्रग्स की दुनिया के कुख्यात गैंग जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल के बड़े सरगना ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा को सेना ने गिरफ्तार कर लिया है। वह ‘एल जार्डिनेरो’ यानी ‘माली’ के नाम से जाना जाता था और गैंग के प्रमुख एल मेंचो का करीबी माना जाता था।
उसकी गिरफ्तारी के बाद मेक्सिको के कई इलाकों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी सामने आई हैं। अमेरिका ने फ्लोरेस सिल्वा पर करीब 5 मिलियन डॉलर (करीब 50 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित किया हुआ था।
एल मेंचो का माना जाता था वारिस
फ्लोरेस सिल्वा कार्टेल का रीजनल कमांडर था और उसे एल मेंचो का उत्तराधिकारी माना जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि सुरक्षा बलों ने उसे किसी बड़े ठिकाने पर नहीं, बल्कि सड़क किनारे एक नाले में छिपा हुआ पाया। एल मेंचो की मौत के बाद माना जा रहा था कि वही कार्टेल की कमान संभालेगा, लेकिन उसकी गिरफ्तारी से गैंग को बड़ा झटका लगा है।
जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग्स गैंग में गिना जाता है। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, यह कार्टेल अमेरिका समेत 100 से ज्यादा देशों में ड्रग्स का कारोबार करता है। मेक्सिको के 32 में से 21 राज्यों में इसका नेटवर्क फैला हुआ है, जो इसे सबसे ताकतवर गिरोह बनाता है।
कौन है फ्लोरेस सिल्वा?
ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा की उम्र करीब 31 साल है और वह मिचोआकान राज्य का रहने वाला है। कम उम्र में ही उसने ड्रग्स के कारोबार में कदम रखा और अफीम की खेती से शुरुआत की। वह पहले अमेरिका में गिरफ्तार हो चुका है और जेल की सजा काट चुका है।
फ्लोरेस सिल्वा सिर्फ ड्रग्स तस्करी ही नहीं, बल्कि जबरन वसूली, तेल चोरी और अपहरण जैसे अपराधों में भी शामिल था। उसे कार्टेल का सिक्योरिटी चीफ भी माना जाता था और वह कई राज्यों में नेटवर्क संभालता था। उसने नायरित इलाके को अपना गढ़ बना लिया था और फेंटानिल बनाने के लिए आने वाले केमिकल्स पर कब्जा कर रखा था।
कैसे मिला ‘माली’ नाम
फ्लोरेस सिल्वा को ‘एल जार्डिनेरो’ नाम उसकी शुरुआत की वजह से मिला। शुरुआती दिनों में वह अफीम और मारिजुआना की खेती करवाता था, इसी कारण उसे ‘माली’ कहा जाने लगा। एल मेंचो की मौत के बाद उसे गैंग की विरासत संभालने वाला माना जा रहा था।
अमेरिका 2021 से ही उसे पकड़ने की कोशिश कर रहा था और मेक्सिको पर दबाव बना रहा था। अमेरिकी सरकार ने उसे खतरनाक ड्रग तस्कर घोषित कर उसकी संपत्तियां भी जब्त कर ली थीं। उस पर कोलंबिया से अमेरिका तक ड्रग्स तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद बढ़ा तनाव
दो महीने पहले एल मेंचो की मौत के बाद पूरे मेक्सिको में हिंसा भड़क गई थी। अब फ्लोरेस सिल्वा की गिरफ्तारी के बाद भी नायरित राज्य में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी के दौरान किसी के घायल होने की खबर नहीं है और इसे सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।