मणिपुर के तामेंगलोंग और नोनी जिलों में उग्रवादियों के हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने रविवार को बताया कि तामेंगलोंग में तड़के करीब चार बजे गोलीबारी की गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। इसके 12 घंटे बाद गोलीबारी की दूसरी घटना में भी दो लोगों की जान चली गई।
तामेंगलोंग और नोनी जिलों में उग्रवादियों ने हमला किया
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इन हत्याओं पर दुख जताते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों के खिलाफ हिंसा कायरतापूर्ण कृत्य है। यह अस्वीकार्य है। ये हत्याएं ब्लैक डे को हुईं। राज्य में पिछली सदी के आखिरी दशक में कुकी-नागा संघर्ष के पीड़ितों की याद मणिपुर में कुकी समुदाय हर साल 13 सितंबर को ब्लैक डे मनाता है।
उग्रवादियों ने तड़के करीब चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के पास तामेंगलोंग जिले के टालेन कुकी गांव पर अंधाधुंध गोलीबारी की। गोलीबारी में महिला की उनके घर में मौत हो गई। महिला की पहचान लिंगनई सिंगसिट के तौर पर हुई है। इस हमले में उनके पति सेनेइह सिंगसिट और उसका बेटा घायल हो गए।