उत्तर प्रदेश के तीन जिलों में स्थापित होंगे पांच बिजली उपकेंद्र, 30 हजार परिवारों को लो वोल्टेज की समस्या से राहत…

गोरखपुर मंडल के देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 30 हजार घरों को निर्बाध बिजली मिलेगी। बिजली निगम ने इन जिलों में पांच नए उपकेंद्र की स्थापना का निर्णय लिया है। बिजनेस प्लान के तहत पांच उपकेंद्रों के निर्माण के लिए 42 करोड़ 75 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया गया है।

टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से भी निजात मिलेगी। सबसे ज्यादा 12 करोड़ रुपये देवरिया जिले के हेतिमपुर उपकेंद्र के निर्माण पर खर्च होंगे।

बिजली निगम ने बिजनेस प्लान के तहत कई कार्यों को स्वीकृति दी है। इनमें उपकेंद्रों के निर्माण के साथ ही पुराने उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि, 33 हजार वोल्ट की नई लाइन के निर्माण और 11 हजार वोल्ट की नई लाइन के साथ ही फीडरों की संख्या बढ़ाना शामिल हैं।

नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना के साथ ही पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का भी काम कराया जाना है। बिजली निगम का मानना है कि इन कार्यों से निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान होगा।

17.54 करोड़ से बनेगी नई लाइन
कुशीनगर जिले में 33 हजार वोल्ट की 13 नई लाइन बनाई जाएगी। इसके लिए 10 करोड़ 21 लाख 66 हजार रुपये खर्च होंगे। महराजगंज में 33 हजार वोल्ट की दो नई लाइन बनाने पर 21 लाख 74 हजार और देवरिया में तीन लाइन बनाने पर सात करोड़ 11 लाख 43 हजार रुपये खर्च होंगे। 19 करोड़ एक लाख रुपये की लागत से 15 उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि का काम होगा।

सात करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से 11 हजार वोल्ट की लाइन के 83 कार्य कराए जाएंगे। 248 नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। इस पर 18 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च होंगे। 937 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का काम कराया जाएगा। इस पर 35 करोड़ 25 लाख 48 हजार रुपये खर्च होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *