जालंधर: मेडिकल स्टोर पर फायरिंग, रंगदारी की आशंका; CCTV में दिखा संदिग्ध हमलावर…

जालंधर के मकसूदां क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक मेडिकल स्टोर को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मकसूदां क्षेत्र में वेरका के समीप स्थित एक मेडिकल स्टोर के बाहर देर रात एक युवक पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने स्टोर को निशाना बनाते हुए गोली चलाई और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सीसीटीवी में कैद हुए आरोपित

मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला संदिग्ध कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

रंगदारी से जुड़ा हो सकता है मामला

सूत्रों के अनुसार पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह घटना रंगदारी मांगने या किसी पुरानी रंजिश से तो नहीं जुड़ी हुई है। हाल के समय में व्यापारियों और कारोबारी प्रतिष्ठानों को धमकियां मिलने के कुछ मामले सामने आए हैं, जिसके चलते पुलिस इस एंगल को गंभीरता से देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *