हरियाणा के चरखी दादरी जिले के छपार गांव की महिला पंच ज्योति (28) ने बुधवार को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष के लोगों को इसका जिम्मेदार ठहराया है।
सदर थाना पुलिस ने मृतका के पिता सुमेर सिंह के बयान पर पति प्रवीन, सास संतोष, ससुर युद्धवीर व जेठ रविंद्र पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में बाढड़ा उपमंडल के हुई गांव निवासी सुमेर सिंह ने बताया कि उसने अपनी दो बेटियों ज्योति व निशा की शादी छपार गांव में की थी।
ज्योति का पति प्रवीन व निशा का पति अरविंद समेत सास संतोष व ससुर युद्धवीर उसकी दोनों बेटियों को तंग करते थे। प्रताड़ना से तंग आकर बड़ी बेटी निशा मायके में रह रही थी जबकि छोटी बेटी ज्योति ससुराल में ही रहती थी।
बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि ज्योति ने पहली मंजिल पर बने बाथरूम में आग लगा ली है। सूचना पाकर जब वो मौके पर पहुंचे तो ज्योति मृत मिली। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चरखी दादरी नागरिक अस्पताल पहुंचाया।