ISRO के नाम का झांसा देकर फर्जी वैज्ञानिक ने मैट्रिमोनियल वेबसाइटों के जरिए यौन शोषण किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है…

नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने एक व्यक्ति को इसरो विज्ञानी और पीडब्ल्यूडी अधिकारी बनकर कई महिलाओं को शादी का वादा कर धोखा देने और उनका यौन शोषण करने वाले एक ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम 31 वर्षीय आदर्श प्रशांत म्हात्रे है। वह अलीबाग का रहने वाला है।

आरोप है कि उसने कई वैवाहिक वेबसाइटों के माध्यम से इंजीनियरों और चिकित्सकों सहित उच्च शिक्षित महिलाओं को लुभाने के लिए एक दर्जन से अधिक छद्म नामों का इस्तेमाल किया।

उस पर महिलाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी भी की। उसने स्वप्निल वारुले, नहुष म्हात्रे, तनमय म्हात्रे, जयेश नाइक, जयेश पाटिल, रुद्रेश गोवेकर, हेमंत गायकवाड़, रुद्रेश गोधली, जयेश सोनवाने, आदित्य म्हात्रे, हेमंत गोंधली और जय पाटिल जैसे 12 फर्जी नामों का उपयोग किया।

म्हात्रे ने इसरो और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के फर्जी पहचान पत्रों का उपयोग कर वैवाहिक साइटों पर खाते बनाए और पांच सितारा होटलों में ठहरने सहित आलीशान जीवन शैली को दर्शाने वाली तस्वीरें अपलोड कीं।

पुलिस के अनुसार, आरोपित शादी का झांसा देकर पहले संबंध बनाता था। फिर वह पीड़िताओं को संपत्ति या मकान में निवेश के लिए ऋण लेने के लिए मजबूर करता था। ऋण राशि उसके खाते में स्थानांतरित होने के बाद वह गायब हो जाता था। उसने इस पैसे का उपयोग विलासितापूर्ण जीवनशैली जीने के लिए किया। इसमें गोवा के कैसीनो की यात्राएं भी शामिल हैं।

कुछ मामलों में संदेह से बचने के लिए उसने नई पीड़िताओं से लिए गए पैसे का उपयोग पिछली पीड़िताओं के पैसों को चुकाने के लिए किया।

बताया गया है कि अगस्त 2025 में राबले पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद इस मामले की जांच शुरू हुई। म्हात्रे को 20 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को एक अदालत ने चार मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

राबले पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, चार महिलाओं से उसने 96,97,000 रुपये की धोखाधड़ी की। म्हात्रे का आपराधिक रिकार्ड 2019 से है। उसके विरुद्ध मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के पुलिस थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और छेड़छाड़ के मामले दर्ज हैं।

वर्तमान में उस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें धारा 64 (दुष्कर्म), 69 (विवाह के धोखे भरे वादे पर यौन संबंध), 318(4) (धोखाधड़ी) और 319(2) (पहचान बदलकर धोखाधड़ी) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *