‘ईरान से तुरंत निकलें…’ भारतीयों के लिए विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी जारी; अमेरिका ने तैनात किए लड़ाकू बेड़े…

ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेवर को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में रहने वाले अपने नागरिकों को वहां से जल्द से जल्द बाहर निकलने का मशविरा दिया है।

स्थिति की गंभीरता को इस बात से समझा जा सकती है कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने सभी नागरिकों (विद्यार्थी, धार्मिक उद्देश्य से गये यात्री, कारोबारी, पर्यटक आदि) से कहा है कि उन्हें जो भी साधन मिले उससे शीघ्र ही ईरान से बाहर निकलें। अगर कमर्शियल फ्लाइट्स उपलब्ध है तो उसकी भी सेवा लें।

भारतीयों को लेकर एडवायजरी जारी

पिछले दो महीनों में यह दूसरी बार है कि भारत सरकार ने ईरान में रहने वाले भारतीयों को लेकर एडवायजरी जारी की है। पहले पांच जनवरी और उसके बाद 14 जनवरी को दो बार एडवायजरी जारी की गई थी।

एक बार ईरान छोड़ने को कहा गया था जबकि दूसरी बार सतर्क रहने, प्रदर्शन से दूर रहने व स्थानीय मीडिया पर नजर बनाये रखने की बात कही गई थी।

अब भारतीय दूतावास ने कहा है कि अपने कागजात जैसे ट्रेवल डॉक्यूमेंट, पासपोर्ट, पहचान पत्र हमेशा अपने पास रखें या तैयार रखें।

इस बारे में कोई मदद लेनी हो तो तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क करें। जनवरी में विदेश मंत्रालय ने बताया था कि ईरान में तकरीबन 9,000 भारतीय हैं लेकिन इनमें से कुछ पिछले कुछ हफ्तों में भारत लौट चुके हैं।

सैन्य उपस्थिति लगातार बढ़ा रहा यूएस

सनद रहे कि अमेरिका ने ईरान के निकट मध्य पूर्व में अपनी सैन्य उपस्थिति लगातार बढ़ा रहा है। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि अमेरिका ईरान पर चौतरफा हमला कर सकता है।

अमेरिका की तरफ से बेहद आधुनिक फ्रिगेट जहाज, लड़ाकू विमान और दूसरे सैन्य संसाधनों की तैनाती की गई है।

पिछले एक दशक में अमेरिका की तरफ से इतने बड़े पैमाने पर कभी सैन्य तैनाती नहीं की गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को बार-बार चेतावनी दे रहे हैं।

उन्होंने हाल ही में चेतावनी दी है कि यदि कूटनीति असफल रहती है तो ईरान के खिलाफ सीमित हमले अभी भी एक विकल्प बने रहेंगे। ईरान पर समझौता करने का दबाव भी बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *