गोरखपुर के रामगढ़ताल में गूंजे चप्पुओं के ताल, ‘गोरखपुर क्वींस’ पर टिकी सबकी नजर…

रामगढ़ताल बुधवार को उस समय जोश, ऊर्जा और उत्साह से सराबोर हो उठा, जब देशभर से आइ महिला रोअर्स ने ‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’ के उद्घाटन समारोह में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई।

ताल के किनारे तिरंगे के सम्मान में उतरीं 16 टीमों की खिलाड़ियों ने अपने जोश से माहौल को रोमांच से भर दिया। सबसे ज्यादा आकर्षण मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम ‘गोरखपुर क्वींस’ को लेकर रहा, जिन पर घरेलू दर्शकों के सामने शानदार प्रदर्शन का दबाव भी होगा और उम्मीदें भी।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन आफ इंडिया (आरएफआइ) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह लीग 12 से 16 मई तक रामगढ़ताल में खेली जा रही है।

आयोजन को उत्तर प्रदेश खेल विभाग का बुनियादी और प्रशासनिक सहयोग प्राप्त है। मुख्य अतिथि गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्पराज सिंह ने लीग का उद्घाटन करते हुए कहा कि गोरखपुर अब सिर्फ अपनी सांस्कृतिक विरासत के लिए नहीं, बल्कि वाटर स्पोर्ट्स के नए केंद्र के रूप में भी पहचान बना रहा है।

उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाते हुए कहा कि अस्मिता लीग जैसी प्रतियोगिताएं बेटियों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ खेल संस्कृति को नई ऊंचाई प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप रामगढ़ताल अब विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए पूरी तरह तैयार है और यहां की लहरें अब देश की बेटियों के सुनहरे सपनों की साक्षी बनेंगी।

आरएफआइ के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने लीग के जूरी और आफिशियल्स को एक्रिडिएशन कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस बार लीग की सबसे बड़ी खासियत इसकी रिकार्ड प्राइजमनी है। पहली बार रोइंग प्रतियोगिता में केवल पदक विजेताओं ही नहीं, बल्कि आठवें स्थान तक आने वाली टीमों को भी नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव एवं आरएफआइ के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा ने की। इस दौरान राकेश शुक्ला, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, अमित बथवाल और शुभम बथवाल आदि मौजूद रहे।

खिलाड़ियों ने किया मार्च पास्ट
केरल की ‘कोचीन क्वींस’ से लेकर अंडमान की ‘अचीवर्स’ और मेजबान ‘गोरखपुर क्वींस’ तक, सभी टीमों की खिलाड़ियों ने जब ताल के किनारे मार्चपास्ट किया तो दर्शकों की तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा।

आज से शुरू होंगी हीट्स
गुरुवार की सुबह सात बजे प्रतियोगिताओं की हीट्स शुरू होंगी। सभी मुकाबले 1000 मीटर ट्रैक पर खेले जाएंगे। अंडर-15, अंडर-19 और ओपन वर्ग में सिंगल स्कल, डबल स्कल, पेयर्स, क्वाड्रुपल स्कल और काक्सलेस फोर्स जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी। रोइंग में पहली बार कुल 26 लाख 32 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि दांव पर होगी। इससे खिलाड़ियों के उत्साह में और इजाफा देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *