वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी से श्रीलंका के कोलंबो जा रही वियतजेट एयरलाइंस की फ्लाइट में मंगलवार रात एक इंजन फेल हो गया। इसके बाद विमान को चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
एयरबस ए320 विमान (फ्लाइट नंबर VJC1875, रजिस्ट्रेशन VN-A655) हो ची मिन्ह सिटी से कोलंबो जा रहा था। उड़ान के दौरान एक इंजन खराब होने की सूचना मिलने के बाद पायलटों ने चेन्नई एयरपोर्ट की ओर रुख किया।
चेन्नई एयरपोर्ट पर रात 9:55 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की गई। एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लान के तहत सभी जरूरी तैयारियां की गईं।
विमान मंगलवार रात 10:27 बजे सुरक्षित उतर गया और अपनी शक्ति से पार्किंग स्टैंड तक पहुंच गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने 10:35 बजे फुल इमरजेंसी वापस ले ली।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई एयरपोर्ट पर सामान्य उड़ानें प्रभावित नहीं हुईं और संचालन सामान्य रूप से जारी है।सभी यात्री सुरक्षित हैं।