कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने के दिए निर्देश
सेवा संकल्प अभियान के शिविरों में बैंकिंग एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में त्रैमासिक जिला स्तरीय परामर्शदात्री सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकों की ऋण-जमा अनुपात सहित शासकीय एवं बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों के माध्यम से बैंकिंग योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरतमंद एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण की सुविधा सरलता से उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी मेधावी विद्यार्थी की उच्च शिक्षा प्रभावित न हो।
कृषि, आवास और एमएसएमई सहित विभिन्न क्षेत्रों की हुई समीक्षा
बैठक में प्राथमिकता क्षेत्र, वार्षिक साख योजना, कृषि साख, आवास ऋण, सामाजिक एवं व्यक्तिगत ऋण तथा एमएसएमई क्षेत्र में बैंकों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ऋण-जमा अनुपात में सुधार के लिए बैंकों को प्रभावी प्रयास करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता शिविरों पर जोर
कलेक्टर ने जिले के आदिवासी बाहुल्य एवं वनांचल क्षेत्रों में विशेष रूप से वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, बचत, बीमा, पेंशन और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि वे बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
शिविरों के माध्यम से प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना और पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी हुई समीक्षा
बैठक में आरसेटी बालोद द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता शिविरों तथा संस्थान की गतिविधियों और प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने युवाओं एवं जरूरतमंद लोगों को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर स्वरोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ श्री राहुल सिंह केराम, श्री आकाश धोरवे, नाबार्ड के डीडीएम श्री सौभाग्य रंजन साहू, लीड बैंक मैनेजर श्री आदर्श बेले सहित विभिन्न बैंकों के समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।