गोरखपुर में जलभराव से विजय चौक की बिजली ठप, केबल बॉक्स में पानी घुसने से आपूर्ति बाधित…

जलभराव के कारण विजय चौक क्षेत्र की बिजली काटनी पड़ी है। अंडरग्राउंड केबल से जुड़े बाक्स में पानी घुसने की सूचना के बाद बिजली निगम ने चार सौ केवीए क्षमता के एक ट्रांसफार्मर की आपूर्ति पूरी तरह ठप कर दी है। पानी निकलने के बाद केबल बाक्स की जांच की जाएगी। इसके बाद आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।

वर्षा के कारण विजय चौक क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया है। सुबह इतना ज्यादा पानी जमा हो गया कि बिजली की आपूर्ति करने वाले बाक्स के अंदर पानी घुस गया। संयोग था कि पानी में करंट नहीं उतरा। उधर से गुजर रहे कुछ लोगों का ध्यान जब केबल बाक्स की तरफ गया तो उन्होंने बिजली निगम के अभियंताओं को सूचना दी।

इसके बाद आनन-फानन विजय चौक फीडर को बंद कर दिया गया। अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने जांच की तो एक ट्रांसफार्मर से जुड़े क्षेत्र में दिक्कत मिली। इसके बाद उस ट्रांसफार्मर की आपूर्ति ठप करते हुए अन्य क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल करा दी गई।

नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम टाउनहाल के अधिशासी अभियंता अंकित कुमार ने कहा कि बाक्स में पानी पहुंचने की शिकायत के बाद आपूर्ति बंद कराई गई है। अभियंता निगाह रखे हुए हैं। जांच के बाद आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।

कई दिनों से गोलघर क्षेत्र में है बिजली का संकट
गोलघर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली का संकट है। कभी केबल में गड़बड़ी तो कभी उपकेंद्र के अंदर आई खराबी के कारण यह स्थिति आ रही है। शुक्रवार शाम पार्क रोड क्षेत्र में वोल्टेज के चढ़ाव-उतार के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके पहले भालोटिया मार्केट और गोलघर में पूरे दिन बिजली का संकट रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *