दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट के नतीजे रविवार को घोषित होंगे। इस सीट पर गत 21 मई को पुनमर्तदान हुआ था और 86.11 प्रतिशत की बंपर वोटिंग हुई थी।
तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान के हटने के बाद फलता में कुल पांच प्रत्याशी हैं। इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस व वाममोर्चा में है।
भाजपा ने देबांग्शु पांडा को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस से अब्दुर रज्जाक व माकपा से शंभुनाथ कुर्मी हैं। तृणमूल ने जहांगीर खान को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन मतदान से 48 घंटे पहले उन्होंने चुनावी लड़ाई से हटने की घोषणा कर दी थी।
गड़बड़ी की शिकायतों के बाद हुआ पुनर्मतदान
इस सीट पर पहले गत 29 अप्रैल को दूसरे व अंतिम चरण के तहत मतदान हुआ था, हालांकि विभिन्न पोलिंग बूथों में गड़बड़ी की शिकायतें मिलने के बाद चुनाव आयोग ने यहां दोबारा चुनाव कराने की घोषणा की थी। उसके बाद बेहद कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ।
कड़ी सुरक्षा में हुआ मतदान
केंद्रीय बलों की 35 कंपनियों व 30 क्विक रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती की गई थी। प्रत्येक बूथ पर चार के बजाय आठ जवानों की तैनाती की गई थी। मतदान के दौरान कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी। इलाके के बहुत से लोगों ने बताया था कि उन्हें 10-15 साल बाद मतदान का मौका मिला।
मतदान वाले दिन जहांगीर खान फलता में नजर नहीं आए थे। उनके घर व पार्टी कार्यालय में ताला लटका था। मतदान के दौरान पुलिस ने जहांगीर के करीबी सईदुल को गिरफ्तार किया था। उसपर गत चार मई को भाजपा की विजय रैली पर हमला करने का आरोप है।