ईडी ने पर्ल ग्रुप की 1986 करोड़ रुपये की 37 संपत्तियों को जब्त कर लिया है।
ये संपत्तियां लुधियाना और जयपुर में स्थित हैं। पर्ल ग्रुप पर लाखों निवेशकों से हजारों करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है।
इस मामले में ईडी अभी तक कंपनी के प्रमोटर निर्मल सिंह भंगू समेत पर्ल ग्रुप की 7600 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ताजा जब्त संपत्तियों में अकेले जयपुर के एयरपोर्ट के पास की संपत्तियां है, जिसकी कीमत 1500 करोड़ रुपये है। बाकी लुधियाना में स्थित हैं।
वायदा पूरा नहीं किया
उन्होंने कहा कि पर्ल ग्रुप ने लाखों निवेशकों को घर और फ्लैट देने का वायदा कर 60 हजार करोड़ रुपये जुटाए। लेकिन निवेशकों को किया वायदा पूरा नहीं किया गया।
ईडी की जांच के अनुसार अब भी पर्ल ग्रुप के पास निवेशकों के 48 हजार करोड़ रुपये बकाया है।
पर्ल ग्रुप पर निवेशकों के पैसे को दूसरी कंपनियों में डायवर्ट करने के सबूत मिले हैं। ईडी के अधिकारी के अनुसार निवेशकों से धोखाधड़ी कर अन्य संपत्तियों को जानकारी भी मिली है।
आने वाले दिनों में उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।