डिस्कवरी चैनल की चर्चित डॉक्यूमेंट्री ‘डिक्लासिफाइड- ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत-पाकिस्तान संघर्ष को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
इस डॉक्यूसीरीज के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत के ठीक 71 घंटे बाद, पाकिस्तान ने युद्ध का रुख मोड़ने के लिए अपनी तरफ से सबसे बड़ा और आखिरी हमला किया।
क्या योजना बना रहा पाकिस्तान?
डॉक्यूमेंट्री में दावा किया गया है कि संघर्ष के 71वें घंटे में पाकिस्तान ने बौखलाहट में आकर भारत की राजधानी नई दिल्ली को निशाना बनाने की कोशिश की।
इसके तहत पाकिस्तान ने भारत की ओर एक बेहद खतरनाक और हाई-स्पीड मिसाइल दाग दी। इस दुस्साहस का मकसद भारत की राजधानी में भारी तबाही मचाना और सामरिक बढ़त हासिल करना था।
आसमान में ही चकनाचूर हुई मिसाइल
मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की यह चाल भारतीय वायु सेना और मिसाइल डिफेंस सिस्टम के आगे नाकाम साबित हुई।
जैसे ही यह मिसाइल भारतीय सीमा में घुसी, हरियाणा के सिरसा के पास तैनात भारत के अत्याधुनिक बराक-8 (Barak-8) सरफेस-टू-एयर मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने तुरंत एक्टिव होकर इस खतरे को भांप लिया।
भारतीय रक्षा प्रणाली ने बिना एक पल गंवाए इस पाकिस्तानी मिसाइल को हवा में ही ट्रैक किया। इसके बाद सटीक निशाना साधते हुए, बराक-8 सिस्टम ने इस हाई-स्पीड मिसाइल को हवा में ही मार गिराया।
भारत का ‘फाइनल रिटेलियटरी स्ट्राइक’
गौरतलब है कि इस मिसाइल हमले के नाकाम होने के तुरंत बाद, भारत ने अपनी रणनीति के तहत फाइनल रिटेलियटरी स्ट्राइक शुरू कर दी। इस फाइनल स्ट्राइक ने दुश्मन के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया और संघर्ष का पासा पूरी तरह भारत के पक्ष में पलट गया।