दुर्ग। महाष्टमी के पावन अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ललित चंद्राकर ने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अंजोरा, आलबरस, भानपुरी, चंदखुरी, खोपली, उतई एवं रिसाली स्थित विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर माता रानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान विधायक श्री चंद्राकर विभिन्न दुर्गा पंडालों में आयोजित हवन-पूजन कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
उन्होंने हवन कुंड में आहुति अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दुर्गा पंडालों में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ माता रानी की आराधना की गई।
इस अवसर पर विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि नवरात्रि शक्ति, आस्था और भक्ति का पावन पर्व है। यह पर्व हमें धर्म, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने माता रानी से प्रार्थना की कि उनके आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे तथा प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
विधायक के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचने के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं एवं आयोजकों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।