खैरागढ़ : सहकारी सप्ताह के द्वितीय दिवस पर जिला स्तरीय सहकारी संगोष्ठी आयोजित…

एफपीओ एवं पैक्स के माध्यम से किसानों और सदस्यों की आय बढ़ाने पर हुआ मंथन

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा वृक्षारोपण के लिए किया गया प्रेरित

सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित सहकारी सप्ताह के द्वितीय दिवस पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में जिला सहकारी विकास समिति (डीसीडीसी) की बैठक एवं जिला स्तरीय सहकारी संगोष्ठी का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में किया गया। संगोष्ठी का विषय “सदस्यों की आय बढ़ाने में एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका” रहा, जिसमें जिले की समस्त प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

संगोष्ठी में जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती डॉ. राजेश्वरी शैलेन्द्र त्रिपाठी, सहकारिता विभाग के वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी श्री बी.एल. नेताम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के नोडल अधिकारी श्री योगेन्द्र शर्मा तथा बैंक परिवेक्षक श्री शीतल देवांगन ने सहकारिता आधारित विकास, एफपीओ एवं पैक्स की उपयोगिता तथा किसानों की आय वृद्धि के विभिन्न आयामों पर अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। एफपीओ एवं पैक्स के प्रभावी संचालन से किसानों को बेहतर बाजार, संसाधन, तकनीकी मार्गदर्शन तथा आर्थिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इससे कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया गया। साथ ही प्रत्येक सहकारी समिति द्वारा 3 जुलाई 2026 को कम से कम पांच पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई। वक्ताओं ने प्राकृतिक खेती को मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत कृषि विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

संगोष्ठी में महिला नेतृत्व वाले एफपीओ एवं एफपीसी की भूमिका, उनके सफल संचालन तथा सदस्यों एवं संस्थाओं को प्राप्त होने वाले लाभों की जानकारी भी साझा की गई। सहकारिता विस्तार अधिकारी श्री प्रदीप कुमार भालेकर ने प्राथमिक सहकारी समितियों के दैनिक कार्यों, दायित्वों एवं संचालन व्यवस्था पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा सहकारिता, कृषि एवं बैंकिंग संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए, जिनका समाधान विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सहकारिता विभाग के प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी श्री आर.के. महिलांगे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, जिले की समस्त प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री योगेन्द्र शर्मा, नोडल अधिकारी परिक्षेत्र खैरागढ़ द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *